
भोपाल। हिंदू उत्सव समिति अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए रविवार सुबह 9 बजे से मतदान की प्रक्रिया आरंभ हुई, जो शाम 5 बजे तक चलेगी। मतदान मानस भवन, लालघाटी स्थित गुफा मंदिर परिसर में हो रहा है। मुख्य चुनाव अधिकारी डॉ. पी.सी. कोठारी ने बताया कि मतदान के लिए समिति द्वारा जारी आजीवन सदस्यता कार्ड, आधार कार्ड या भारत निर्वाचन आयोग का फोटोयुक्त पहचान पत्र अनिवार्य रहेगा।
मतगणना प्रक्रिया मतदान समाप्त होने के बाद शुरू की जाएगी और परिणाम आज ही घोषित कर दिए जाएंगे। कोठारी ने सभी आजीवन सदस्यों से मतदान में भाग लेने की अपील की है।
इस बार समिति के सदस्यता अभियान में 2200 नए सदस्य जुड़े हैं। समिति के सदस्यों में चार पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, उमाभारती, कमलनाथ और दिग्विजय सिंह शामिल हैं। वहीं, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को भी इस बार नए सदस्य के रूप में जोड़ा गया है। इनके अलावा मंत्री विश्वास सारंग, विधायक रामेश्वर शर्मा, कृष्णा गौर, पूर्व विधायक पीसी शर्मा, वरिष्ठ भाजपा नेता सुरेश पचौरी समेत कई जनप्रतिनिधि भी सदस्य हैं।
