पिथौरागढ़/नैनीताल, 30 अगस्त (वार्ता) उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में शनिवार को बड़ा हादसा होने से टल गया। धारचूला में बच्चों से भरी स्कूल बस पर पहाड़ी से भारी बोल्डर टकरा गया। गनीमत रही कि सभी बच्चे सुरक्षित बच निकले।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विवेकानंद विद्या मंदिर की स्कूली बस बच्चों को लेकर जा रही थी। इसी दौरान धारचूला के घटखोला के पास अचानक पहाड़ी से भारी बोल्डर आ गिरा और बस से टकरा गया।
इससे बच्चों में चीख पुकार मच गयी। सूचना मिलते ही उपजिलाधिकारी धारचूला जितेंद्र वर्मा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुँचे और बच्चों और स्टॉफ को सुरक्षित किया। साथ ही उन्हें उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया। उन्होंने ने कहा कि सभी बच्चे पूर्णतः सुरक्षित हैं।
उन्होंने बताया कि सौभाग्यवश कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। उन्होंने सीमा सड़क संगठन (बीआरओ), लोक निर्माण विभाग एवं आपदा प्रबंधन विभाग को निर्देशित किया कि संवेदनशील स्थलों की पहचान कर निरंतर निगरानी की जाए।
