किरोड़ी और बेनीवाल कांग्रेस सरकार को गिराने के प्रयास में थे शामिल-गहलोत

जयपुर 30 अगस्त (वार्ता) राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राज्य के कृषि मंत्री डा किरोड़ी लाल मीणा और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (रालोपा) के संयोजक एवं सांसद हनुमान बेनीवाल पर पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार को गिराने के प्रयास करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि ये दोनों नेता उस समय कांग्रेस सरकार को गिराने के प्रयासों में शामिल थे।

श्री गहलोत ने शनिवार को यहां पूर्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री नाथूराम मिर्धा की पुण्यतिथि पर उन्हें कांग्रेस प्रदेश कार्यालय में श्रद्धासुमन अर्पित करने के बाद मीडिया से बातचीत में एक सवाल के जवाब में यह बात कही। उन्होंने कहा कि श्री मीणा और श्री बेनीवाल दोनों दोस्त थे और दोनों हमारी सरकार को गिराने के प्रयास में शामिल थे। उन्होंने कहा कि दोनों हेलिकॉप्टर लेकर खूब घूमे राजस्थान के अंदर सरकार बनाने के लिए और इनका इतिहास पुराना है तो इसलिए इनके बारे में हम क्या बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उस समय राजस्थान के अन्दर हमारी सरकार बच गई, यह बहुत बड़ी बात है।

उन्होंने पेपरलीक समस्या को बड़ी समस्या बताते हुए कहा कि इसमें राजनीति नहीं होनी चाहिए क्योंकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के समय में आरपीएससी के सदस्य नियुक्त हुए और उनके नाम आ रहे हैं और हमारे वक्त में अपॉइंटमेंट हुए ये दोनों पकड़े गए हैं। उसमें इसलिए कोई राजनीति की बात नहीं है।

श्री गहलोत ने कहा कि यह समस्या जड़मूल से कैसे समाप्त हो, इस पर जोर दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पेपर लीकआउट नहीं हो, यह पक्ष विपक्ष मिलकर ही तो सुनिश्चित किया जा सकता है जबकि इसमें एक दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। कोई नेता टीवी पर झगड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि एसआई भर्ती परीक्षा पर न्यायालय का फैसला आने के बाद दो नेताओं का टीवी पर झगड़ा पूरे देश ने देखा होगा कि राजस्थान में यह क्या हो रहा है।

Next Post

हत्या का आरोपी 72 घंटे में गिरफ्तार 

Sat Aug 30 , 2025
मंडला। मंडला पुलिस ने एक हत्या के मामले में आरोपी को घटना के 72 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी संजू भांवरे निवासी मरारटोला माधोपुर 38 वर्ष को 29 अगस्त को माधोपुर बाईपास से पकड़ा गया है। बताया गया कि घटना 26 अगस्त की है। मृतक जगन्नाथ भांवरे […]

You May Like