हत्या का आरोपी 72 घंटे में गिरफ्तार 

मंडला। मंडला पुलिस ने एक हत्या के मामले में आरोपी को घटना के 72 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी संजू भांवरे निवासी मरारटोला माधोपुर 38 वर्ष को 29 अगस्त को माधोपुर बाईपास से पकड़ा गया है। बताया गया कि घटना 26 अगस्त की है। मृतक जगन्नाथ भांवरे 35 वर्ष का एक दिन पहले आरोपी के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इस विवाद के बाद आरोपी ने जगन्नाथ को धमकी भी दी थी। अगले दिन सुबह करीब 9 बजे जब जगन्नाथ डगनी टोला रोड पर जा रहे थे, इसी दौरान तारा बाई के घर के पास आरोपी संजू भांवरे ने जगन्नाथ पर हमला कर दिया।

बताया गया कि आरोपी ने जगन्नाथ को लात-घूँसों से बुरी तरह पीटा, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन तत्काल जगन्नाथ को जिला अस्पताल मंडला ले गए, लेकिन इलाज के दौरान जगन्नाथ की मृत्यु हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉ. अभिषेक मार्को ने बताया कि मारपीट में लगी चोटों के कारण मृतक के फेफड़े, तिल्ली और पेट में गंभीर क्षति हुई थी, जिसके कारण जगन्नाथ की मौत हो गई।

पुलिस ने बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। अंजनिया चौकी प्रभारी उप-निरीक्षक प्रवीण शर्मा के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया, जिसमें सहायक उप-निरीक्षक मेहंतलाल और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की, जो घटना के बाद से फरार था। अंजनिया चौकी प्रभारी ने बताया कि सूचना मिलने पर आरोपी को माधोपुर बाईपास से गिरफ्तार किया गया। आरोपी को 30 अगस्त को न्यायालय में पेश किया गया है।

Next Post

अमित शाह ने की लालबागचा राजा में पूजा-अर्चना

Sat Aug 30 , 2025
मुंबई 30 अगस्त (वार्ता) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को मुंबई के प्रसिद्ध गणेश मंडलों में से एक लालबागचा राजा के दर्शन कर पूजा अर्चना की। श्री शाह के साथ उनकी पत्नी सोनल शाह, बेटे आईसीसी अध्यक्ष जय शाह, प्रदेश के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और […]

You May Like