
रीवा। सीधी जिले में 7 वर्षीय मासूम बच्चों के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पुलिस ने अप्रह्त हुए 7 वर्षीय मासूम प्रिंस को महज 30 घंटे में खोज निकाला है, साथ ही मासूम के अपहरणकर्ता को भी गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस की माने तो अपहरणकर्ता ने बच्चे को मछली खिलाने के बहाने अपने साथ ले गया और नशे की लत और आर्थिक लोभ के कारण उसने अपहरण की वारदात को अंजाम दिया था. फिलहाल सीधी जिले से अपहृत हुए मासूम सहित अपहरणकर्ता को पुलिस ने रीवा स्थित बस स्टैंड के यात्री प्रतीक्षालय से गिरफ्तार किया है. दरअसल अपहरण का यह सनसनीखेज मामला रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र स्थित ममदर गांव का है, जहां रहने वाले 7 वर्षीय मासूम प्रिंस के पिता अन्नू रावत ने 14 नवंबर को बेटे के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी. प्रारंभिक जांच में पता चला कि गांव का दीपक कोल मछली खिलाने के बहाने बच्चे को अपने साथ लेकर गया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने चार विशेष टीमों का गठन कर तलाश शुरू कराई.
सीसीटीवी से मिली मदद
टीमों ने सीधी और रीवा शहर के 70 से अधिक सीसीटीवी कैमरो, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन की फुटेज खांगाली, साथ ही जंगलों और पहाडिय़ों में रात भर सर्च ऑपरेशन भी चलाया और आखिरकार पुलिस की मेहनत रंग लाई. पुलिस एक सीसीटीवी कैमरे की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर रात 11:00 बजे रीवा बस स्टैंड प्रतीक्षालय से दीपक कोल को गिरफ्तार कर लिया और उसके कब्जे से बच्चे को सुरक्षित बरामद कर परिजनों के सुपुर्द किया गया. पूछताछ में आरोपी ने नशे की लत और आर्थिक लोभ के कारण बच्चे को बहलाकर ले जाने की बात स्वीकार की है.
