अमित शाह ने की लालबागचा राजा में पूजा-अर्चना

मुंबई 30 अगस्त (वार्ता) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को मुंबई के प्रसिद्ध गणेश मंडलों में से एक लालबागचा राजा के दर्शन कर पूजा अर्चना की।

श्री शाह के साथ उनकी पत्नी सोनल शाह, बेटे आईसीसी अध्यक्ष जय शाह, प्रदेश के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और अन्य लोग मौजूद थे।

श्री शाह गणेशोत्सव के अवसर पर दो दिवसीय दौरे पर मुंबई में हैं।

वह लालबागचा राजा के दर्शन करने से पहले श्री फडणवीस के आवास वर्षा पर भी गए और भगवान गणेश के दर्शन किए तथा पूजा-अर्चना की।

श्री शाह हर साल अपने परिवार के साथ लालबागचा राजा के दर्शन करने आते हैं।

उन्होंने आज दोपहर दक्षिण मुंबई स्थित राज्य सरकार के सह्याद्री गेस्ट हाउस में एक बैठक की। इस दौरान उन्होंने उप मुख्यमंत्री श्री शिंदे, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के संयुक्त महासचिव अतुल लिमये, महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण और मुंबई भाजपा प्रमुख अमित साटम से भी बातचीत की।

सूत्रों के अनुसार श्री शाह को राजनीतिक स्थिति, चल रहे मराठा विरोध प्रदर्शन और महाराष्ट्र के बड़े स्थानीय निकाय चुनावों की तैयारियों के बारे में जानकारी दी गई।

सूत्रों ने यह भी बताया कि कल रात भाजपा महासचिव विनोद तावड़े ने उनसे मुलाकात की और आगामी उपराष्ट्रपति चुनाव, बिहार विधानसभा चुनाव और पार्टी के संगठनात्मक मामलों पर चर्चा की।

श्री शाह गणपति दर्शन के लिए राज्य के सांस्कृतिक मामलों के मंत्री आशीष शेलार के आवास पर भी गए और बाद में वह उपनगरीय मुंबई के अंधेरी इलाके में एक गणपति पंडाल में गए।

Next Post

खाद वितरण में अवकाश से भड़के किसान, सिंगरौली में कचनी और बरका मार्ग पर चक्काजाम

Sat Aug 30 , 2025
सिंगरौली। खाद वितरण केंद्र शनिवार को अवकाश होने के कारण बंद मिले तो किसानों का सब्र टूट गया। अल सुबह से ही भारी संख्या में किसान कचनी स्थित मार्कफेड गोदाम और सरई तहसील के बरका समिति केंद्र पर खाद की उम्मीद में पहुंच गए, लेकिन दोपहर तक ताले लटके रहने […]

You May Like