नयी दिल्ली, 30 जनवरी (वार्ता) आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने चुनाव आयुक्त राजीव कुमार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एजेंट के रूप में काम कर रहे हैं।
श्री केजरीवाल ने चुनाव आयोग से मिले नोटिस पर कहा कि दिल्ली में पैसे बंट रहे हैं, रोज चादरें बंट रही हैं यह चुनाव आयोग को दिखाई नहीं देता है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग राजनीति कर रहा है, क्योंकि श्री राजीव कुमार को सेवानिवृत्ति के बाद नौकरी चाहिए।
उन्होंने कहा कि श्री कुमार को किसी सीट से चुनाव लड़ लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुझे पता है ये दो दिन में मुझे जेल में डालेंगे, डाल दें मुझे जेल में। जिस तरह की भाषा चुनाव आयोग ने लिखी है, यह उनका काम नहीं है। अगर राजनीति करनी है राजीव कुमार लड़ लें दिल्ली की एक सीट से चुनाव।
श्री केजरीवाल की चुनाव आयोग को लेकर यह टिप्पणी ऐसे समय पर आई है जब आज ही नया नोटिस भेजकर उनसे 31 जनवरी सुबह 11 बजे तक पांच सवालों के जवाब सबूतों के साथ मांगे गए हैं।

