ग्वालियर में तालाब में रखे मटके को फोड़ने के लिए फायरिंग, ताबड़तोड़ निशाना लगा रहे थे युवा, अब खोज रहा प्रशासन

ग्वालियर। ग्वालियर में निशानेबाजी प्रतियोगिता के दौरान अंधाधुंध फायरिंग का वीडियो वायरल हुआ है। वीडियो में दर्जनों लोग तालाब में रखे मटके को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ गोलीबारी करते दिख रहे हैं। बताया जा रहा है कि ये सभी तालाब में रखे मटके को निशाना लगा रहे हैं। वहीं वीडियो सामने आने के बाद जिला प्रशासन जांच में जुट गया है। प्रशासन का कहना है कि आयोजकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जिले के डबरा विधानसभा के इटायल गांव में बंदूक की गोली से मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। इसमें गांव और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में युवा पहुंचे थे। इस दौरान युवाओं ने इनाम जीतने के लिए हवाई फायरिंग की। फायरिंग के समय आसपास बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि फायरिंग के दौरान दर्जनों लोग आसपास खड़े हैं। इससे कोई भी हादसे का शिकार हो सकता था। चिंताजनक बात यह है कि जिला कलेक्टर की ओर से इस तरह के आयोजनों पर प्रतिबंध लगाए जाने के बावजूद युवाओं ने हवाई फायर किए। दरअसल, इस प्रकार के आयोजनों में अक्सर हादसे होते रहे हैं। इसी कारण प्रशासन ने ऐसे आयोजनों पर सख्त प्रतिबंध लगा रखा है।

वहीं, ग्रामीण इसे अपनी परंपरा बताकर आज भी आयोजन करते हैं। इस प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार 5100 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 3100 रुपये और तृतीय पुरस्कार 1100 रुपये रखा गया था। प्रतियोगिता के दौरान की गई फायरिंग के वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन एक्शन की तैयारी कर रहा है।

Next Post

हेरोइन सप्लाई नेटवर्क के आठ पेडलर्स गिरफ्तार, अब तक 19 आरोपी सलाखों के पीछे

Tue Aug 12 , 2025
रायपुर, 12 अगस्त (वार्ता) छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाने में पंजीबद्ध नारकोटिक एक्ट के प्रकरण में हेरोइन (चिट्टा) सप्लाई नेटवर्क से जुड़े आठ पेडलर्स को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इससे पहले पुलिस इस केस में पंजाब निवासी अंतर्राज्यीय तस्करों सहित स्थानीय नेटवर्क के 11 आरोपियों को पकड़ […]

You May Like