बैतूल: जिले के दामजीपुरा गांव में एक कथित आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रविवार को अचानक तनाव की स्थिति बन गई, जिसने कुछ ही घंटों में हिंसक रूप ले लिया। बाजार क्षेत्र में कई दुकानों के शटर बंद रहे, वहीं अलग-अलग स्थानों पर आगजनी और तोड़फोड़ के निशान भी दिखाई दिए। स्थिति को काबू में करने के लिए प्रशासन को अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करना पड़ा।
ग्रामीणों का कहना है कि वीडियो सामने आने के बाद लोगों में तीव्र आक्रोश फैल गया और कुछ समूहों ने विरोध के दौरान वाहनों, दुकानों व मकानों को नुकसान पहुंचाया। एक महिला ने आरोप लगाया कि पुलिस की मौजूदगी देर से महसूस हुई, जबकि प्रशासन का दावा है कि सूचना मिलते ही टीम सक्रिय हो गई थी और हालात को जल्द नियंत्रित कर लिया गया।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, संदिग्ध व्यक्ति को सुबह लगभग साढ़े नौ बजे हिरासत में ले लिया गया था, लेकिन सोशल मीडिया पर तेजी से फैलती अफवाहों ने भीड़ को उग्र कर दिया।
हालात की गंभीरता को देखते हुए एसपी वीरेंद्र जैन, प्रभारी कलेक्टर अक्षत जैन, आईजी मिथिलेश कुमार और डीआईजी प्रशांत खरे ने देर रात गांव पहुंचकर स्थिति की समीक्षा की। क्षेत्र में एसडीओपी सहित चार थाना प्रभारियों को कैंप करने के निर्देश दिए गए हैं।पुलिस का कहना है कि फिलहाल गांव में शांति बनाए रखने के लिए करीब सौ पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है और जिन लोगों की संपत्ति को नुकसान हुआ है, उनका सर्वे कराया जाएगा। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपुष्ट सूचनाओं पर विश्वास न करें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। अधिकारियों का दावा है कि स्थिति अब नियंत्रण में है तथा उपद्रव और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
