
ग्वालियर। जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत ऐतिहासिक नगरी ग्वालियर की पुरानी बावड़ी व अन्य जल संरचनाओं के जीर्णोद्धार का काम हाथ में लिया गया है। इस क्रम में फूलबाग मैदान में स्थित पुरानी बावड़ी की साफ-सफाई एवं इसे रीचार्ज करने का काम किया जा रहा है। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय एवं शहर के पर्यावरण प्रेमियों व नागरिकों के साथ फूलबाग मैदान पहुँचकर इस बावड़ी के जीर्णोद्धार कार्य की शुरूआत कराई। फूलबाग स्थित पुरानी बावड़ी के नजदीक एक सोखता पिट बनवाकर उसे बावड़ी से जोड़ा जायेगा, जिससे बरसात के दौरान फूलबाग मैदान का पूरा पानी इस बावड़ी में पहुँचेगा। इससे क्षेत्र के जल स्तर में बढ़ोत्तरी होगी। अभी तक यह पानी व्यर्थ में स्वर्ण रेखा में होकर बह जाता था। कलेक्टर ने अपील की है कि फूलबाग क्षेत्र में स्थित जल विहार को साफ-सुथरा बनाने के लिये शहरवासी आगे आएं। उन्होंने सुबह की सैर एवं योग करने आए शहरवासियों से अपील की है कि वे जल विहार को साफ-सुथरा रखने में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
