
बागली। वार्ड क्रमांक 15 की वृद्ध महिला सुशीला बाई महीकालीया की ईंधन संबंधी परेशानी का समाधान शनिवार को नगर पालिका महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष कमल यादव ने किया। उन्होंने स्वयं महिला के घर पहुंचकर गैस चूल्हा, टंकी, रेगुलेटर व नली प्रदान की।
कुछ दिन पूर्व चंपा बाग के पुजारी राजेंद्र पाठक ने महिला की कठिनाई की जानकारी अध्यक्ष को दी थी। तत्पश्चात यादव ने गैस एजेंसी से उनके नाम पर कनेक्शन बुक कराया और शनिवार को सामग्री उपलब्ध कराई।
स्थानीय लोगों ने बताया कि सुशीला बाई पहले खाद्यान्न पर्ची से अनाज जुटाकर किसी तरह खाना बनाती थीं, परंतु पकाने के लिए लकड़ी इकट्ठा करनी पड़ती थी। अब गैस कनेक्शन से उन्हें बड़ी राहत मिलेगी। इस मौके पर वार्ड के पार्षद मोनु अजमेरा, मोहन मानधनिया, अमित धूलिये, राजू उदावत, मंगल सिंह सहित अन्य मौजूद रहे। इसी दौरान वार्ड में बह रहे गंदे नाले के विषय पर भी चर्चा हुई, जिस पर अध्यक्ष ने शीघ्र पक्का निर्माण कराने का आश्वासन दिया।
