न्यूयॉर्क, 30 अगस्त (वार्ता) चार बार के यूएस ओपन चैंपियन नोवाक जोकोविच ने फिटनेस की चिंता को पार करते हुए यूएस ओपन के तीसरे दौर के एक उच्च-स्तरीय मुकाबले में ब्रिटेन के कैमरून नॉरी को हराकर प्री क्वार्टरफाइनल में जगह बना ली है।
शुक्रवार रात खेले गये मुकाबले में सातवीं वरीयता प्राप्त सार्बियाई खिलाड़ी जोकोविच ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ब्रिटेन के कैमरून नॉरी को 6-4, 6-7(4), 6-2, 6-3 से हराया।
इससे पहले हफ़्ते की शुरुआत में दो मामूली जीतों ने उनकी शारीरिक स्थिति पर सवाल खड़े कर दिए थे। शुरुआती सेट के आखिर में जोकोविच को अपनी पीठ के निचले हिस्से में चोट लगने के बाद मेडिकल टाइमआउट लेना पड़ा, लेकिन वह नई ऊर्जा के साथ कोर्ट पर लौटे और दृढ़निश्चयी नॉरी को हरा दिया।
कोर्ट पर साक्षात्कार के दौरान अपनी फिटनेस के बारे में पूछे जाने पर जोकोविच ने मुस्कुराते हुए कहा, “हां, सब ठीक है। भले ही आप शारीरिक रूप से कुछ महसूस कर रहे हों, न्यूयॉर्क की ऊर्जा उस पर भारी पड़ती है। मैं पहले जितना ही जवान और पहले जितना ही मजबूत हूं।”
इस जीत के साथ, जोकोविच का चौथे दौर में जर्मनी के जान-लेनार्ड स्ट्रफ से मुकाबला तय हो गया, जिन्होंने फ्रांसेस टियाफो को सीधे सेटों में हराया था।
38 वर्षीय सर्बियाई खिलाड़ी अपने 25वें ग्रैंड स्लैम खिताब की तलाश में हैं, उन्होंने आखिरी बार 2023 में फ्लशिंग मीडोज में कोई बड़ा खिताब जीता था। जोकोविच 428 हफ़्ते तक विश्व नंबर वन रहे हैं और सात बार निट्टो एटीपी फाइनल चैंपियन रहे हैं।

