झाबुआ: शनिवार तड़के सुबह लगभग 4 से 5 बजे के बीच जिले के कालीदेवी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम फतीपुरा के पास एक भीषण हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार, छोटा उदयपुर से रेत लेकर आ रहा ट्रक राजगढ़ होते हुए झिरी गांव की ओर जा रहा था। चोरणमाता घाट उतरते समय चालक की लापरवाही से ट्रक असंतुलित होकर एक मकान पर पलट गया।
हादसे में घर के भीतर सो रहे देसिंग पिता नूरा मेड़ा 27, उनकी पत्नी रमिला 25 और बेटी आरोही 6 मलबे में दब गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद ड्राइवर ट्रक छोड़कर फरार हो गया। ग्रामीणों ने करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।
