जबलपुर: कोतवाली थाना अंतर्गत मुकादमगंज मार्केट में गुरूवार रात्रि जाम लगने के बाद बीच सडक़ में खड़ी गाडी हटाने पर उपजे विवाद के बाद व्यापारी और अधिवक्ता के बीच कहासुनी हो गई, विवाद बढ़ा और मारपीट हो गई। जब इसकी जानकारी अधिवक्ताओं को लगी तो वह बड़ी संख्या में कोतवाली थाने पहुंच गए थे और एफआईआर पर अड़ गए। देर रात्रि व्यापारी भी पहुंच गए। पुलिस ने दोनो पक्षों की रिपोर्ट पर काउंटर केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक अधिवक्ता अरुण कुमार बघेल ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह गुरूवार शाम सात बजे घर से अपने सीनियर के ऑफिस रानीताल के लिये निकला था। गलगला होते हुए तुलाराम चौक के पास पहुँचा उसी समय तुलाराम चौक से पहले गलगला में जाम में फँस गया था और ज्योति ट्रेडर्स गलगला के पास रोड पर एक सफेद रंग की एक्टिवा के कारण जाम लगा हुआ था।
जब उक्त एक्टिवा को हटाने के लिये ज्योति ट्रेडर्स के अंदर खड़े व्यक्ति से कहा कि यह किसकी एक्टिवा है हटवा दो, उसी समय ज्योति ट्रेडर्स के अंदर बैठे दीपक गुप्ता और उसके पिता अर्जुनलाल गुप्ता ने उसे धमकी दी। मारपीट कर दी। मोटर साइकिल को धक्का दे दिया जिससे गाडी क्षतिग्रस्त हो गई। मारपीट के दौरान शर्ट की जेब में रखे 2000 रूपये गिर गये।
इसी प्रकार दीपक गुप्ता ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि मुकादमगंज किराना मार्केट में ज्योति ट्रेडर्स के नाम से किराने की दुकान का संचालन पिता अर्जुनलाल गुप्ता के साथ करता है। शाम करीब 7 बजे मुकादमगंज मार्केट में जाम लगा हुआ था, उसी समय दुकान के सामने एक सफेद रंग की एक्टिवा रोड पर खड़ी थी जिस कारण जाम लग रहा था, उसी समय दुकान के सामने से अरूण कुमार बघेल गुजरा जो गाडी हटाने की बात पर विवाद करते हुए मारपीट कर दी। पिता अर्जुनलाल गुप्ता आये तो उनके साथ भी मारपीट की। इसके बाद जान से मारने की धमकी देकर चला गया।
