सडक़ दुर्घटना में आशा कार्यकर्त्ता की मौत

सतना : जिले के मझगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत हुए सडक़ हादसे में एक आशा कार्यकर्त्ता की मौत हो गई. आशा कार्यकर्त्ता मझगवां में होने वाली बैठक में हिस्सा लेने जा रही थी. बाइक फिसलने से नीचे गिरकर गंभीर तौर पर चोटिल हो जाने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई.प्राप्त जानकारी के अनुसार आशा कार्यकर्त्ता राजकुमारी मवासी अपने पति सियाराम मवासी के साथ बाइक पर सवार होकर घर से निकली थीं.

मझगवां में विभागीय बैठक होने के कारण वे उसमें सम्मिलित होने के लिए जा रही थीं. बताया गया कि शाम के लगभग 4 बजे जैसे ही उनकी बाइक पटनी के निकट पहुंची वैसे ही सामने से एक तेज रफ्तार ट्रक अचानक सामने आ गया. जिससे बचने के लिए सियाराम द्वारा अपनी बाइक को किनारे करने का प्रयास किया गया. लेकिन सडक़ से उतरते ही उनकी बाइक बुरी तरह फिसल गई.

जिसके चलते राजकुमारी छिटक कर नीचे गिर गईं. सिर पर गंभीर चोट आ जाने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई. वहीं बाइक से गिरने की वजह से पति सियाराम भी घायल हो गए. घटना होती देख आस पास के लोग भाग कर मौके पर पहुंचे. आनन-फानन में राजकुमारी को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. जहां पर जांच करने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया. यह जानकारी सामने आते ही पति सियाराम पर बिलख बिलख कर रोने लगे. वहीं घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे परिजनों के बीच कोहराम मच गया. पुलिस द्वारा प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है.

Next Post

अतिक्रमण हटाने गई टीम पर हमला

Sat Aug 30 , 2025
नपा अधिकारी घायल; तीन पर मामला दर्ज सतना: मैहर के मुख्य कटरा बाजार में गुरुवार दोपहर को अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान एक विवाद हो गया। नगरपालिका के अतिक्रमण अधिकारी प्रवीण तिवारी पर दुकानदारों ने हमला कर दिया।घटना उस समय हुई जब अतिक्रमण अधिकारी दुकान के बाहर रखे […]

You May Like