सीहोर। इछावर तहसील मुख्यालय के पास स्थित ग्राम ब्रिजीशनगर में लाखों रुपए की लागत से बन रहे हायर सेकंडरी स्कूल भवन के निर्माण में अनियमितताओं को लेकर विद्यार्थियों और ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा. शुक्रवार को छात्रों ने जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के साथ मिलकर नारेबाजी की.
जानकारी के अनुसार, लोक निर्माण विभाग द्वारा करीब 1 करोड़ 37 लाख रुपए की लागत से अतिरिक्त भवन का निर्माण कराया जा रहा है. ग्रामीणों और विद्यार्थियों का आरोप है कि निर्माण कार्य में घटिया सामग्री का उपयोग हो रहा है. जब ग्रामीणों ने ठेकेदार को समझाने की कोशिश की तो उसने अभद्र व्यवहार किया।
संस्था प्राचार्य बाबूलाल मालवीय ने भी स्वीकार किया कि निर्माण कार्य गुणवत्ता अनुसार नहीं है. उन्होंने बताया कि कई बार समझाने के बावजूद ठेकेदार सुधार नहीं कर रहा। अब वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी सूचना दी जाएगी.
