नयी दिल्ली, 29 अगस्त (वार्ता) हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने राज्य के आपदा प्रभावित चंबा, कुल्लू, लाहौल-स्पीति, कांगड़ा और मंडी ज़िलों के उपायुक्तों, पुलिस अधीक्षकों तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ राहत एवं पुनर्वास कार्यों को लेकर समीक्षा बैठक की।
श्री सुक्खू ने राष्ट्रीय राजधानी से वर्चुअल आधार पर राज्य के मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना, अतिरिक्त मुख्य सचिव के.के. पंत और विभिन्न वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की और युद्ध स्तर पर राहत तथा पुनर्वास कार्य संचालित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने आपदा प्रबंधन कार्यों के लिए चंबा के भरमौर में तैनात मंडलायुक्त कांगड़ा तथा चंबा के उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक से भी बात की। उन्होंने डीआईजी कांगड़ा से भी विस्तारपूर्वक चर्चा की जिन्हें चंबा में तैनात किया गया है। मुख्यमंत्री ने श्री मणिमहेश यात्रा के श्रद्धालुओं को प्रदान की जा रही राहत के साथ ही भारी बारिश और बाढ़ के कारण हुए नुकसान की भी जानकारी ली।
बैठक में मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया कि चंबा शहर में जियो, एयरटेल व बीएसएनएल की संचार सेवाएं बहाल कर दी गई हैं। ज़िला कांगड़ा से तीन सेटलाइट फोन चंबा ज़िला के लिए भेजे गए हैं। चंबा से भरमौर की ओर सड़क 25 किलोमीटर तक खोल दी गई है।
श्री सुक्खू ने आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव अभियान युद्ध स्तर पर चलाने के निर्देश देते हुए मौसम पुर्वानुमान के अनुसार आपदा प्रबंधन के लिए पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने और भरमौर में फंसे यात्रियों के लिए भोजन तथा ठहरने के लिए उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।
मुख्यमंत्री ने आपदा में फंसे बीमार और वृद्ध यात्रियों को हेलीकॉप्टर के माध्यम से निकालने के निर्देश देने के साथ ही दुर्गम क्षेत्रों में फंसे श्रद्धालुओं के लिए हवाई मार्ग से भोजन पहुंचाने के भी निर्देश दिए।
सुक्खू ने हिमाचल के आपदाग्रस्त क्षेत्रों की स्थिति को लेकर की समीक्षा बैठक
