
देवास। मानवता आज भी जिंदा है… इसका उदाहरण राजस्थान के अजमेर जिले में सामने आया, जहाँ एक किराना दुकान संचालक ने मानसिक रूप से कमजोर बुजुर्ग को न केवल सहारा दिया बल्कि सोशल मीडिया और पुलिस की मदद से उनके परिजनों तक भी पहुँचा दिया।
देवास जिले के थाना टोंक खुर्द क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अमोना निवासी नारायण पिता भागीरथ अस्थाया करीब 10 दिन पूर्व घर से बिना बताए कहीं चले गए थे। परिजनों ने उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट थाने में दर्ज करवाई थी। इस बीच घूमते-घूमते वे राजस्थान के अजमेर जिले में पहुँच गए।
वहाँ एक किराना संचालक धर्मेंद्र कुमार शर्मा ने बुजुर्ग को देखा और पूछताछ की। नारायण ने कुछ भी स्पष्ट नहीं बताया, बस “टोंक खुर्द” शब्द ही बोले। इसके बाद धर्मेंद्र ने उनकी तस्वीर खींचकर सोशल मीडिया पर वायरल की और स्थानीय पुलिस से संपर्क साधा।
पुलिस ने देवास जिले के थाना टोंक खुर्द और चौकी टोकाकला से संपर्क कर बुजुर्ग की पहचान सुनिश्चित की। तत्पश्चात पुलिस ने परिजनों को सूचना दी और बुजुर्ग को सुरक्षित घर पहुँचा दिया।
इस दौरान किराना संचालक ने बुजुर्ग के खाने-पीने व रहने की व्यवस्था कर इंसानियत का परिचय दिया।
इस नेक कार्य में निरीक्षक आलोक सोनी (थाना प्रभारी टोंक खुर्द), उप निरीक्षक हिमांशु पांडे (चौकी प्रभारी टोकाकला) एवं प्रधान आरक्षक धर्मवीर गुर्जर का विशेष सहयोग रहा।
