सीहोर।कौशल विकास एवं रोजगार राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार गौतम टेटवाल ने सत्य सांई प्रौद्योगिकी एवं चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय में आयोजित दो दिवसीय रोजगार मेला एवं इंडस्ट्रियल पार्क का शुभारंभ किया. मेले में प्रतिष्ठित कंपनियों द्वारा 96 युवाओं का प्राथमिक चयन किया गया.
इस अवसर पर मंत्री श्री टेटवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में सरकार निरंतर देश एवं प्रदेश के युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध करा रही है. इसके साथ ही प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भी निरंतर विकास किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि कौशल विकास विभाग एक ऐसा विभाग है, जो मु यधारा से वंचित, पढ़ाई छोड़ चुके या अभावग्रस्त विद्यार्थियों के लिए कौशल प्रशिक्षण आयोजित कर उनके हाथ में रोजगार या स्वरोजगार के विकल्प उपलब्ध कराने के लिए कार्य करता है. विभाग द्वारा ग्लोबल स्किल पार्क भोपाल में उच्च स्तरीय कोर्स जैसे रोबोटिक्स, मैकाटोनिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आदि आधुनिक विषयों में प्रशिक्षण दिया जा रहा है. उन्होंने कहा कि आज डिजीटल इंडिया अभियान ने युवाओं को नई संभावनाएं प्रदान की हैं, इस अभियान के तहत युवा अपने उत्पादों और सेवाओं को वैश्विक बाजार में बेच सकते हैं. ई-कॉमर्स और डिजिटल मार्केटिंग के माध्यम से हमारे युवा अपने सपनों को साकार करने के लिए तैयार हैं.
उन्होंन युवाओं से कहा कि वे नए कौशल सीखें, अपने नेटवर्क का विस्तार करें और एक उज्जवल भविष्य के लिए स्वयं को तैयार करें.केंद्र सरकार द्वारा कौशल विकास एवं रोजगार को केंद्र में रखकर केंद्रीय बजट तैयार किया गया है तथा प्रदेश सरकार भी प्रदेश को कौशल शक्ति प्रदेश के रूप में विकसित करने के लिए तत्पर है. इस अवसर पर कुलपति डॉ. मुकेश तिवारी, चेयरमैन डॉ. सुनील कपूर, सीआईडीसी डायरेक्टर जनरल डॉ. प्रियरंजन स्वरूप, कुलाधिपति डॉ. साधना कपूर, एमडी सुश्री रूचि कपूर सहित अन्य पदाधिकारी एवं विद्यार्थी उपस्थित थे.
