
भोपाल। चोरी की बाइक के साथ दो शातिर आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया. कजलीखेड़ा थाना पुलिस ने बाइक चोरी का खुलासा करते हुए चोरी में उपयोग किए गए वाहन को भी जब्त किया है.
पुलिस के मुताबिक सूचना मिली थी कि गौरव नगर मल्टी क्षेत्र से चोरी हुई एक बाइक को दो युवक धुआखेड़ा पानी की टंकी के पास बेचने की फिराक में हैं. मौके पहुंचकर पुलिस ने आरोपियों को पकड़ा. संदिग्ध युवकों ने पुलिस की पूछताछ में अपना नाम अर्जुन पटेल उर्फ बिट्टू (22) निवासी मंडीदीप और समीर अवस्थी (29) निवासी नर्मदापुरम बताया. आरोपियों से बाइक के संबंध में पूछताछ करने पर दोनों ने अपराध करना स्वीकार किया. आरोपियों ने बताया कि एक दिन पहले उन्होंने रात के गौरव नगर में बाइक चोरी की. आरोपियों ने बताया कि चोरी की वारदात को अंजाम देने के लिए वह अपनी एक अन्य बाइक से वहां पहुंचे थे. बाइक का लॉक तोड़कर आरोपी अर्जुन पटेल उसे लेकर गया. इसके बाद आरोपी समीर अवस्थी ने अपनी मोटर साइकिल से उसे पैर से धक्का देकर साथ ले गया. बाद में दोनों ने चोरी की मोटर साइकिल को चालू कर लिया और उसे बेचने की फिराक में घूम रहे थे. पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार कर उनके परिजनों को गिरफ्तारी की सूचना दी.
