मुंबई, 28 अगस्त (वार्ता) बैंकों की डॉलर बिकवाली से रुपया गुरुवार को 11 पैसे मजबूत हुआ और कारोबार की समाप्ति पर एक डॉलर 87.5850 रुपये का बिका।
भारतीय मुद्रा में गुरुवार सुबह से ही मजबूती रही। यह 13.50 पैसे की मजबूती के साथ 87.56 रुपये प्रति डॉलर पर खुली और 87.5350 रुपये प्रति डॉलर तक मजबूत हुई। इसका दिवस का निचला स्तर 87.68 रुपये प्रति डॉलर रहा।
पिछले कारोबारी दिवस पर रुपया 13.25 पैसे की गिरावट में 87.6950 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
रुपये पर आज एक तरफ विदेशी संस्थागत निवेशकों के भारतीय पूंजी बाजार से निकासी का दबाव रहा तो दूसरी तरफ बैंकों की डॉलर बिकवाली से उसे समर्थन मिला। साथ ही दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के बास्केट में डॉलर सूचकांक में 0.3 प्रतिशत की नरमी से भी भारतीय मुद्रा मजबूत हुई है।
