नयी दिल्ली, 28 अगस्त (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में गुरुवार को चावल और गेहूं के औसत भाव बढ़ गये। दालों में तेजी रही जबकि चीनी के भाव उतर गये। वहीं, खाद्य तेलों की कीमतों में उतार-चढ़ाव देखा गया।
विदेशों में मलेशिया के बुरसा मलेशिया डेरिवेटिव एक्सचेंज में नवंबर का पाम ऑयल वायदा नौ रिंगिट टूटकर 4,440 रिंगिट प्रति टन बोला गया। वहीं, अमेरिकी सोया तेल वायदा 0.04 प्रतिशत की गिरावट के साथ 53.13 डॉलर के भाव बोला गया।
घरेलू थोक जिंस बाजारों में चावल की औसत कीमत 54 रुपये बढ़कर 3,818.17 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंच गयी। गेहूं 15 रुपये प्रति क्विंटल चढ़कर 2,819.45 रुपये प्रति क्विंटल के भाव बिका। आटा भी 11 रुपये महंगा हुआ और 3,282.59 रुपये प्रति क्विंटल बोला गया।
सरसों तेल औसतन 126 रुपये प्रति क्विंटल टूट गया। सूरजमुखी तेल 65 रुपये और मूंगफली तेल 181 रुपये फिसल गया। वनस्पति 97 रुपये और पाम ऑयल 148 रुपये प्रति क्विंटल गिरा। वहीं, सोया तेल में 39 रुपये प्रति क्विंटल मजबूत हुआ।
दाल-दलहनों में तुअर दाल की औसत कीमत स्थिर रही। चना दाल तीन रुपये और उड़द दाल 42 रुपये प्रति क्विंटल महंगी हुई। मूंग दाल में 17 रुपये की मजबूती देखी गयी। मसूर दाल की कीमत में दो रुपये प्रति क्विंटल की मामूली बढ़त हुई।
गुड़-चीनी : मीठे के बाजार में गुड़ की औसत कीमत 17 रुपये प्रति क्विंटल की गिरावट रही। चीनी भी करीब 23 रुपये सस्ती हुई।
