मुंबई, 01 अक्टूबर (वार्ता) अंतरराष्ट्रीय बाजार में डॉलर और कच्चे तेल में रही तेजी के दबाव में अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में रुपया गुरुवार को 30 पैसे कमजोर हुआ और कारोबार की समाप्ति पर एक डॉलर 96.25 रुपये का बोला गया।
यह भारतीय मुद्रा का दो महीने के अधिक का निचला स्तर है। पिछले कारोबारी दिवस पर भारतीय मुद्रा 95.95 रुपये प्रति डॉलर पर स्थिर बंद हुई थी।
रुपया आज 95.95 रुपये प्रति डॉलर पर स्थिर खुला, लेकिन इसके बाद इसका ग्राफ सीधे नीचे की ओर गया। दोपहर बाद यह 96.34 रुपये प्रति डॉलर तक गिरा और अंत में 96.25 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
कच्चे तेल का मानक ब्रेंट क्रूड वायदा तीन प्रतिशत से ज्यादा की बढ़त के साथ 101 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया। दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं की तुलना में डॉलर सूचकांक 0.4 प्रतिशत मजबूत हुआ। इन दोनों कारकों से रुपये पर दबाव बना।
भारतीय पूंजी बाजार में विदेशी संस्थागत निवेशकों ने आज 99 करोड़ डॉलर की शुद्ध बिकवाली की। भारतीय मुद्रा की गिरावट में इसका भी योगदान रहा।
