
जबलपुर। उच्च शिक्षा विभाग ने प्रदेश के विभिन्न विश्वविद्यालयों में कुलसचिव और उप कुलसचिवों के तबादले किए हैं। राज्यपाल के नाम से जारी आदेश के तहत रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. रविशंकर सोनवाल का स्थानांतरण क्रांतिवीर तात्या टोपे विश्वविद्यालय, गुना कर दिया गया है। उन्हें वहां कुलसचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। शासन ने सभी स्थानांतरित अधिकारियों को सात दिन के भीतर नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं। बताया गया है कि डॉ. सोनवाल ने शासन को पत्र लिखकर आरडीवीवी में स्थानांतरण का अनुरोध किया था। विश्वविद्यालय में 13 कर्मचारियों के नियमितीकरण के बाद से कुलगुरु प्रो. राजेश वर्मा और कुलसचिव के बीच मतभेद की चर्चा थी। फिलहाल आरडीवीवी में नए कुलसचिव की पदस्थापना नहीं की गई है। वहीं सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय, उज्जैन के श्री अनिल कुमार शर्मा को वहीं कुलसचिव बनाया गया है, जबकि श्री डी.के. बग्गा को जीवाजी विश्वविद्यालय, ग्वालियर भेजा गया है।
