
झाबुआ। छोटे तालाब स्थित श्री मनकामेश्वर महादेव मंदिर परिसर में मुस्लिम समाज द्वारा आगामी ईद मिलादुन्नबी पर्व को लेकर प्रवेश द्वार पर सरकार की आमद, मरहबा लिखे दो फलेक्स लगाए गए। इस पर श्री मनकामेश्वर गणेश मंडल का पांडाल पास में होने और मंदिर में श्रद्धालुओं की आवाजाही के चलते हिंदू समाज ने आपत्ति दर्ज कराई। उनका कहना था कि मंदिर परिसर में ऐसे पोस्टर लगाना शांति और सौहार्द के माहौल को प्रभावित कर सकता है।
शिकायत मिलने पर प्रशासन और पुलिस ने देर रात ही फलेक्स हटवा दिए। इसके बाद मंगलवार को अपर कलेक्टर चंदरसिंह सोलंकी, तहसीलदार सुनिलकुमार डावर, एसडीओपी रूपरेखा यादव और थाना प्रभारी आरसी भास्करे सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा और दोनों पक्षों से चर्चा की। प्रारंभ में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पोस्टर हटाए गए थे, लेकिन आपसी सहमति बनने के बाद पुनः लगाए गए।
तहसीलदार सुनिलकुमार डावर ने कहा कि दोनों पक्षों के बीच सहमति बन जाने से अब विवाद जैसी स्थिति नहीं है। थाना प्रभारी आरसी भास्करे ने बताया कि दोनों पक्षों को समझाइश दी गई है और त्यौहार शांतिपूर्ण माहौल में मनाने की अपील की गई है।
