डबरा मंडी में पल्लेदारों ने की सुधार की मांग, एसडीएम को सौंपा आवेदन

ग्वालियर: डबरा कृषि उपज मंडी में अव्यवस्थाओं के आरोप लगाए गए हैं। किसानों और व्यापारियों का कहना है कि मंडी में पेयजल, शौचालय इत्यादि बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। जिसके कारण कई समस्याओं का सामना करना पड़ता है।
मंडी में काम करने वाले तुलावटी हम्बाल पल्लेदारों के अध्यक्ष टीकाराम ने इन अव्यवस्थाओं को लेकर डबरा एसडीएम को आवेदन सौंपा। साथ ही मंडी प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। व्यवस्थाओं में सुधार करने की मांगे रखी हैं। डबरा कृषि उपज मंडी मध्य प्रदेश की बड़ी मंडियों में से है है जिसमें सीजन के समय लगभग तीन से चार हजार धान की ट्रोलियाँ हर रोज पहुंचती हैं। शासन को भी मंडी से टैक्स के रूप में भारी राजस्व मिलता है।
टीकाराम का कहना है कि मंडी में किसानों और तुलावती हंम्बाल पल्लेदारों को भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। क्योंकि मंडी में न तो पीने के पानी की कोई सुनिश्चित व्यवस्था है। न ही मंडी प्रांगण में कोई बोरिंग है। उनका कहना है मंडी में सीजन के समय पर भी मंडी में लाइटिंग की व्यवस्था नहीं है। इतना ही नहीं किसानों और पल्लेदारों के लिए शौचालय तक चालू नहीं हैं। मंडी में सिर्फ एक शौचालय चालू है, जो जर्जर हालत में है।
प्रशासन पर सुनवाई न करने का आरोप
टीकाराम का कहना है कि इन समस्याओं को लेकर उन्होंने कई बार डबरा एसडीएम को अवगत कराया। कलेक्टर महोदय और मध्य प्रदेश मुख्यालय को भी डाक द्वारा पत्र भेजा। इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई।
बोरिंग और रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग
आवेदन में पल्लेदारों ने मंडी में बोरिंग करवाने की मांग की गई है ताकि पानी की समस्याओं से निजात मिल सके और बार-बार पानी के लिए बाहर न जाना पड़े। इसके अलावा मंडी प्रांगण में सभी टावरों की लाइट को फिर से चालू करने की मांग भी की गई है। ताकि रात के समय काम करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। बंद पड़े शौचालय का मरम्मत करवाने की मांग भी रखी गई है।

Next Post

कलेक्ट्रेट की जन-सुनवाई में 146 आमजनों की हुई सुनवाई

Wed Nov 4 , 2026
ग्वालियर। कलेक्ट्रेट में हुई जन-सुनवाई में 146 आमजनों की समस्यायें सुनी गईं।अपर कलेक्टर सी बी प्रसाद व अनिल बनवारिया सहित जिला प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने एक – एक कर सभी आवेदकों की समस्यायें सुनीं और उनके आवेदनों के निराकरण की रूपरेखा तय की।मदद की उम्मीद लेकर पहुँचे लोगों […]

You May Like