डा. अंबेडकर नगर (महू) 27 अगस्त (वार्ता) प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल अनिल चौहान ने सेनाओं के विशेष बलों के अभियानों तथा हवाई अभियानों के लिए बुधवार को संयुक्त सिद्धांत जारी किये। जनरल चौहान ने यहां आर्मी वॉर कॉलेज में युद्ध, युद्धनीति और युद्ध-संघर्ष पर तीनों सेनाओं के अपनी तरह के पहले सेमिनार ‘रण संवाद’ में ये दोनों सिद्धांत जारी किये।
तीनों सेनाओं की सक्रिय भागीदारी से एकीकृत रक्षा स्टाफ मुख्यालय के तत्वावधान में तैयार किए गए ये सिद्धांत विशेष बलों के अभियानों और हवाई अभियानों के संचालन के लिए मार्गदर्शक सिद्धांतों, परिचालन अवधारणाओं और अंतर-संचालन ढाँचों को निर्धारित करते हैं। जनरल चौहान ने इस अवसर पर तीनों सेनाओं के पेशेवर रवैये , परिस्थितियों के अनुरूप ढलने और संयुक्तता के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना की और कहा कि ये सिद्धांत बदलते युद्धक्षेत्र में योजनाकारों, कमांडरों और संचालकों के लिए महत्वपूर्ण संदर्भ के रूप में काम करेंगे।
ये सिद्धांत सेनाओं के बीच संयुक्त परिचालन क्षमता बढ़ाने, सभी सेनाओं में तालमेल को बढ़ावा देने और उभरती सुरक्षा चुनौतियों का सटीक और दृढ़ता के साथ सामना करने की तत्परता सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
विमोचन समारोह में नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के. त्रिपाठी, वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह और सेना उप प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल पुष्पेंद्र सिंह तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
