
रीवा।रीवा शहर में बाइकर्स गैंग ने एक बार फिर कोहराम मचा कर पुलिस की नींद उड़ा दी है. पूर्व की चार घटनाओं का पुलिस अभी तक पर्दाफास नही कर पाई है और बुधवार को सुबह से लेकर दोपहर तक तीन पर्स छीन कर भागने की वारदात को नकाबपोश बदमाशो ने अंजाम दिया है. तीनो वारदात चोरहटा थाना क्षेत्र अन्तर्गत हुई है और अब पुलिस हमेशा की तरह हवा मेें हाथ फेर रही है.
चोरहटा थाना क्षेत्र अन्तर्गत बेला के आगे नकाबपोश बाइक सवार तीन बदमाशो ने स्टाप नर्स को निशाना बनाया. सुबह 6.30 बजे ऊषा साकेत संजय गांधी अस्पताल के लिये निकली थी. तभी मोटर साइकल में सवार तीन बदमाश गुरूकुल स्कूल मोड़ चोरहटा के पहले पहुंचे और बैग छीन कर भाग खड़े हुए, जिसमें पैसे और मोबाइल थे. बाइक के पीछे नम्बर प्लेट नही था. उसके आधे घंटे बाद दूसरी वारदात चन्द्रलोक होटल चोरहटा के पास हुई, जिसमें सोनम कोरी सतना को निशाना बनाया गया. पति के साथ सतना जा रही थी बाइक सवार बदमाश सुबह सवा 7 बजे पर्स छीन कर भाग खड़े और कुछ दूर जाकर पर्स से सामान निकाल कर पर्स को फेक दिया. पर्स में सोने-चांदी के जेवरात और कुछ पैसे रखे हुए थे. इसके कुछ घंटे बाद तीसरी वारदात चोरहटा थाना क्षेत्र अन्तर्गत ही 12 बजे रीवा-जेपी रोड़ स्थित धौचट ढ़ाबा के पास हुई. पति विजय श्रीवास्तव के साथ मोटर साइकल में बैठकर पत्नी आरती श्रीवास्तव जेपी प्लांट जा रही थी. तभी दो की संख्या में पहुंचे बाइक सवार बदमाशो ने पर्स छीनकर भाग खड़े हुए, पर्स में मंगलसूत्र, मोबाइल सहित पैसे थे. एक ही थाना क्षेत्र में हुई तीन वारदातो ने पुलिस के होश उड़ा दिये है. पीडि़त महिलाओं ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है और पुलिस जांच में जुटी है.
बदमाशो की चल रही तलाश: थाना प्रभारी
चोरहटा थाना प्रभारी आशीष मिश्रा ने बताया कि तीन महिलाओं के पर्स छीने जाने की शिकायत थाने पहुंची है. घटना स्थलो का निरीक्षण किया गया है, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से बदमाशो की तलाश की जा रही है. जिस तरह से तीनो वारदात हुई है उससे लग रहा है कि एक ही गैंग ने वारदात को अंजाम दिया है. अलग-अलग टीम लगी हुई है.
