इंदौर: शहर में नाबालिग बच्चियों को बहला-फुसलाकर ले जाने की वारदातें बढ़ रही हैं. बीते दिनों आजादनगर और चंदननगर थाना क्षेत्रों में तीन अलग-अलग मामलों में नाबालिग बेटियों को अज्ञात आरोपी अपने साथ ले गए. तीनों ही मामलों में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरु की.
पहला मामला आजादनगर थाना क्षेत्र का है, जहां पिसनावल, सेंधवा बड़वानी निवासी मांगीलाल की 17 वर्षीय बेटी को अलकापुरी कॉलोनी, मूसाखेड़ी क्षेत्र से बहला-फुसलाकर ले गए.
दूसरे मामले में हरदा जिले की रहने वाली जुलेखा बी, जो फिलहाल कोहिनूर कॉलोनी, आजादनगर में किराये से रहती हैं, ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनकी नाबालिग बेटी को भी अज्ञात बदमाश बहला-फुसलाकर ले गया. तीसरी वारदात चंदननगर थाना क्षेत्र की है. यहां राजनगर सेक्टर निवासी दीपक शर्मा की 14 वर्षीय बेटी को देर रात आरोपी बहला-फुसलाकर भगा ले गया. तीनों मामलों में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपहरण का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस टीम आसपास के सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन के आधार पर बच्चियों की तलाश कर रही है.
