
खेल युवा पीढ़ी को अनुशासन, टीम भावना के लिए प्रेरित करता है: डॉ. भसीन
ग्वालियर। ग्वालियर महानगर में खेलो भारत द्वारा मध्यभारत प्रांत में नगर खेल कुंभ पखवाड़ा आयोजित किया जा रहा है जिसके अंतर्गत महानगर स्तरीय तीन दिवसीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का शुभारंभ शासकीय आदर्श विज्ञान महाविद्यालय में किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि विख्यात नेत्र चिकित्सक डॉ. पुरेंद्र भशीन, विशिष्ट अतिथि अतिरिक्त महाधिवक्ता उच्च न्यायालय ग्वालियर दीपेंद्र कुशवाह के साथ महानगर अध्यक्ष डॉ. ब्रजकिशोर प्रसाद, महानगर मंत्री हिमांशु श्रोती एवं प्रांत कला मंच सह संयोजक कु. दीक्षा शर्मा ने एक साथ दीप प्रज्वलन कर किया।
इस अवसर पर डॉ. पुरेंद्र भशीन ने कहा कि खेल युवा पीढ़ी को अनुशासन, टीम भावना और शारीरिक स्वास्थ्य के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने नगर खेल कुंभ जैसे आयोजनों की सराहना करते हुए कहा कि यह स्थानीय स्तर पर छिपी हुई प्रतिभाओं को निखारने का मंच प्रदान करता है।
अतिरिक्त महाधिवक्ता दीपेंद्र कुशवाह ने अपने संबोधन में कहा कि खेलकूद के माध्यम से युवाओं में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। उन्होंने उपस्थित खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि हार-जीत से अधिक महत्वपूर्ण खेल की भावना है। प्रतियोगिता में ग्वालियर महानगर के विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों के 200 से अधिक प्रतिभागी भाग ले रहे हैं। इसमें बालक और बालिका वर्ग के अलग-अलग आयु वर्गों के लिए मैच आयोजित किए जा रहे हैं। प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल के रूप में प्रशिक्षित विशेषज्ञों को शामिल किया गया है।
