जबलपुर: शहर में गुरूवार को दिनभर सूर्यदेव ने प्रचंड तेवर दिखायें। तल्ख धूप के साथ गर्म हवा के थपेड़े लोगों को परेशान करते रहे। बिना एसी,कूलर, पंखे के रहना मुश्किल हो रहा था। दिन में सडक़े सूनी रही जरूरी काम से निकले लोग भी चिलचिलाती धूप ओर गर्म हवा के थपेड़े से बचने गमच्छा बांधे, चश्मा लगाए नजर आए। क्षेत्रीय मौसम कार्यालय के अनुसार वर्तमान में पश्चिमी विक्षोभ पछुआ पवनों के बीच उत्तर में एक ट्रफ लाइन के रूप में अव्यवस्थित है। एक चक्रवातीय परिसंचरण हरियाणा के ऊपर सक्रिय है, जिससे उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिमी बंगाल होते हुए बंग्लादेश के ऊपर ट्रफ लाइन गुजर रही है।
अलग-अलग स्थानों पर बनी इन मौसम प्रणालियों के असर से मौसम की रंगत बदली हुई है। गुरूवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री पर पहुंच गया जो सामान्य से एक डिग्री कम रहा। सुबह के वक्त आद्रता 53 और शाम को 27 प्रतिशत दर्ज की गई। उत्तर-पश्चिमी हवाएं 3 से 4 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चली। मौसम विभाग की माने तो सक्रिय मौसम प्रणालियों के असर से आज वज्रपात के साथ 39 से 40 किमी की रफ्तार से अंधड़ चलने की संभावना है।