इंदौर: लसूडिया थाना क्षेत्र में शराब पीकर कार चला रहे युवक और उसके साथियों ने पुलिस चेकिंग के दौरान जमकर हंगामा किया. इस दौरान होमगार्ड से मारपीट, मोबाइल छीनकर फेंकने और दस्तावेज नष्ट करने की कोशिश भी की गई. घटना 23 अगस्त की रात की है, जिसकी रिपोर्ट सोमवार शाम दर्ज की गई. गुजराती स्कूल के पास रात में एएसआई कृष्णा बोर्डे और होमगार्ड ब्रजेश यादव ड्यूटी पर थे.
तभी एक कार नम्बर एमपी 09 सीएन 7880 पुलिस को देखकर गलत दिशा में दौड़ी, रोकने पर ड्राइवर यश पुरोहित नशे में मिला. जब उसे ब्रेथ एनालाइजर से जांच के लिए कहा गया तो वह कार छोड़कर भागने लगा, लेकिन जवानों ने पकड़ लिया. इसी बीच यश ने कार की चाबी छिपा ली और उसके साथी कुलदीप राठौर ने चेकिंग में बाधा डालते हुए वर्दी पकड़कर धमकाया और दस्तावेज फेंकने की कोशिश की, वह ब्रेथ एनालाइजर भी छीनने लगा.
कार में बैठी युवती पायल भी बाहर आई और उसने होमगार्ड ब्रजेश को थप्पड़ मार दिया. उसका मोबाइल छीनकर सड़क पर फेंक दिया और अभद्र इशारे किए. तीनों आरोपी नशे की हालत में थे. वहां मौजूद पुलिस बल और महिला जवानों की मदद से उन्हें काबू कर कार सहित थाने लाया गया. पहले दिन केवल ड्रिंक एंड ड्राइव की सामान्य कार्रवाई हुई थी, लेकिन वरिष्ठ अधिकारियों तक मामला पहुंचने के बाद सोमवार को ब्रजेश की लिखित शिकायत पर यश पुरोहित, कुलदीप राठौर और पायल के खिलाफ सरकारी काम में बाधा, मारपीट, अभद्रता और ड्रिंक एंड ड्राइव की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु की.
