इंदौर: नगर निगम शहर में आग बुझाने के लिए 70 मीटर ऊंचाई लगभग 25 मंजिल तक काम करने वाली आधुनिक हाइड्रोलिक मशीन खरीदने की तैयारी कर रहा है. इस मशीन की कीमत करीब 25 करोड़ रुपए बताई जा रही है. विशेषता यह है कि यह एक बार में 5 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू करने में सक्षम होगी. वाल्वो कंपनी के इंजन और 10 टायर वाले चेसिस पर लोड यह मशीन महज 5 मिनट में 25 मंजिल तक रेस्क्यू टीम पहुंचा सकती है.
नगर निगम ने अब तक 6–7 बार टेंडर बुलाए थे, लेकिन कंपनियों ने रुचि नहीं दिखाई. इस बार तीन कंपनियां आगे आईं, जिनमें फिनलैंड की ब्रांटो कंपनी की मशीन तकनीकी रूप से खरी उतरी है. यह कंपनी 2 साल तक फ्री ऑपरेटिंग सुविधा और 3 साल तक पेड ऑपरेटिंग अनुबंध भी देगी. बताया गया कि अहमदाबाद में भी इसी कंपनी की मशीन ने 80 मीटर ऊंची इमारत में आगजनी के दौरान लोगों की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई थी.
वर्तमान में नगर निगम के पास 5 मंजिल से ऊपर आग बुझाने की सुविधा नहीं है. निगम ने शासन से मंजूरी लेकर इस मशीन की खरीद प्रक्रिया आगे बढ़ाई है. हालांकि अभी ऑर्डर जारी नहीं हुआ है और मामला एमआईसी व शासन के बीच विचाराधीन है. उल्लेखनीय है कि निगम के पास 1995 में खरीदी गई मशीन आज भी चालू हालत में है, लेकिन आरटीओ नियमों के चलते उसका उपयोग नहीं हो पा रहा है
