अमरावती, 24 अगस्त (वार्ता) मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले 48 घंटों के दौरान ओडिशा-पश्चिम बंगाल के तटों से दूर उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक नये निम्न दाब क्षेत्र बनने का अनुमान है, जिसके कारण आंध्र प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश के आसार हैं।
मौसम रिपोर्ट में कहा गया है कि 25 और 26 अगस्त को उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश और यनम के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश होने का अनुमान है।
अगले 25 से 28 अगस्त तक उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में कुछ स्थानों पर और 26, 27 और 28 अगस्त को दक्षिणी तटीय आंध्र प्रदेश और रायलसीमा के कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवायें चलने के आसार हैं। . अगले 24 घंटों के दौरान उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश, यनम में कुछ स्थानों पर तथा अगले 28 घंटों के दौरान दक्षिणी तटीय आंध्र प्रदेश एवं रायलसीमा में 30-40 किमी प्रति घंटे की गति से तेज हवायें चलने का अनुमान है।
अगले सात दिनों के दौरान तटीय आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में एक या दो स्थानों पर या कुछ स्थानों पर या कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने के आसार हैं।
रिपोर्ट के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में एक या दो स्थानों पर बारिश हुई है।
