मास्को, 10 सितंबर (स्पुतनिक/वार्ता) रूसी सुरक्षा परिषद के उपाध्यक्ष दिमित्री मेदवेदेव ने ‘वेदोमोस्ती’ बिज़नेस डेली को दिए एक इंटरव्यू में कहा कि “सामूहिक पश्चिम” जानबूझकर दुनिया को परमाणु तबाही की ओर धकेलने की कोशिश कर रहा है।
उन्होंने कहा, “सामूहिक पश्चिम लगातार यूक्रेन की सरकार का समर्थन कर रहा है और जानबूझकर दुनिया को परमाणु तबाही की ओर धकेलने की कोशिश कर रहा है।”
श्री मेदवेदेव ने कहा कि अगर रूस की सुरक्षा को खतरा होता है तो उसे परमाणु हथियारों का इस्तेमाल करने का अधिकार है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि यह कोई डराने-धमकाने की चाल नहीं है।
श्री मेदवेदेव ने कहा, “सभी को यह समझना चाहिए कि कुछ खास मामलों में परमाणु हथियारों का इस्तेमाल किया जा सकता है। यह डराने-धमकाने का तरीका नहीं है बल्कि हकीकत है। रूस की परमाणु नीति, जिसके तहत देश की सुरक्षा को खतरा होने पर ऐसे हथियारों का इस्तेमाल करने का अधिकार है, उसे इशारा नहीं कहा जा सकता है।”
उन्होंने कहा कि रूस या बेलारूस के ख़िलाफ़ किसी ऐसे देश का हमला, जिसके पास परमाणु हथियार नहीं हैं लेकिन जिसे किसी परमाणु शक्ति वाले देश की भागीदारी या समर्थन प्राप्त है, उसे संयुक्त हमला माना जाएगा।
रूस ने ‘सामूहिक पश्चिम’ पर दुनिया को परमाणु तबाही की ओर धकेलने का लगाया आरोप
