
भोपाल। पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता कमलनाथ ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वर्ष 2020 में उनकी कांग्रेस सरकार गिरने को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि उस समय ज्योतिरादित्य सिंधिया न केवल अपनी व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा से व्यथित थे, बल्कि उन्हें यह भी लगता था कि सरकार दिग्विजय सिंह चला रहे हैं।
कमलनाथ ने स्पष्ट किया कि इसी नाराज़गी और धारणा के चलते सिंधिया ने कांग्रेस के विधायकों को तोड़ा और अंततः प्रदेश में कांग्रेस सरकार गिर गई। उन्होंने लिखा कि पुरानी बातों को बार-बार उठाने से कोई लाभ नहीं है, लेकिन सच्चाई यही है कि सरकार गिरने की जड़ें सिंधिया की असंतुष्टि और यह गलतफहमी थी कि दिग्विजय सिंह सरकार चला रहे हैं।
