त्योहारों से पहले शहर भर में पुलिस की सख्ती, शराबी वाहन चालक व जिलाबदर भी पकड़े गए

इंदौर: शहर की सड़कों पर शनिवार देर रात से लेकर रविवार सुबह तक पुलिस का जोरदार अभियान चला. अचानक हुई कॉम्बिंग गश्त और सरप्राइज चेकिंग से असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया. रातभर चली इस कार्रवाई में 1176 बदमाशों को चेक किया, जिनमें से 568 के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई.त्योहारों से पहले शहर में अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस ने शनिवार रात से सुबह तक बड़े पैमाने पर अभियान चलाया.

इसमें सभी थानों के पुलिस अधिकारी व बल शामिल रहे. इस दौरान फरार वारंटियों से लेकर शराब पीकर वाहन चलाने वाले, अवैध गतिविधियों में शामिल तत्वों तक को निशाने पर लिया. अभियान में पुलिस ने 279 से अधिक वारंट तामील कराए, जिनमें 72 स्थाई, 88 गिरफ्तारी और 119 जमानती वारंट शामिल रहे. साथ ही 129 समंस भी तामील किए गए. वाहन चालकों पर भी कड़ी निगरानी रखी गई.

शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ 150 मामलों में कार्रवाई कर 185 चालान बनाए गए. अवैध गतिविधियों पर प्रहार करते हुए पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने के 20, जुआ-सट्टे के 3 और अवैध हथियार रखने के 4 प्रकरण दर्ज किए. आदतन बदमाशों के खिलाफ बीएनएसएस की धाराओं में 110 प्रतिबंधात्मक कार्यवाही भी की गई.

इसी दौरान जिलाबदर की अवधि का उल्लंघन कर घूम रहे दो आरोपियों को राजेंद्र नगर पुलिस ने गिरफ्तार किया. वहीं, 223 गुंडे-बदमाश, 73 नकबजन, 30 लुटेरे, 80 चाकूबाज, 133 निगरानीशुदा बदमाश, 61 जिलाबदर व रासुका अपराधियों समेत 608 से ज्यादा बदमाशों को पुलिस ने चेक किया और आगे अपराध न करने की हिदायत दी. चेकिंग के दौरान कई फरार अपराधी भी पुलिस की गिरफ्त में आ गए. पुलिस ने पकड़े गए बदमाशों से डोजियर भी भरवाए और उन्हें सख्त चेतावनी दी. पुलिस उपायुक्त अमित सिंह का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी.

Next Post

राशिद खान संभालेंगे अफगानिस्तान की कमान

Sun Aug 24 , 2025
एशिया कप 2025 के लिए अफगानिस्तान टीम के 17 सदस्यीय स्क्वॉड का ऐलान कर दिया गया है। इस टूर्नामेंट में अफगान टीम की कमान राशिद खान संभालेंगे। भारत-पाकिस्तान के बाद अफगानिस्तान क्रिकेट टीम ने भी एशिया कप 2025 के लिए अपने स्क्वॉड का ऐलान कर दिया है। इस बार एशिया […]

You May Like