बुरहानपुर: विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस के नेतृत्व में किसानों की कलेक्टर व अधिकारियों के साथ बैठक हुई, जिसमें केले की फसल विक्रय व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर चर्चा की गई। उन्होंने बताया कि बीते 15 वर्षों में सिंचाई साधनों की वृद्धि से जिले में रबी और केले की खेती का रकबा दोगुना होकर 30 हजार हेक्टेयर तक पहुंच गया है। जिले का केला आज देश ही नहीं विदेशों में भी निर्यात हो रहा है।
चिटनिस ने कहा कि सड़क, बिजली व सिंचाई की उपलब्धता से नए क्षेत्रों में भी केले की खेती बढ़ी है, परंतु विक्रय प्रणाली को समयानुकूल पारदर्शी व सामंजस्यपूर्ण बनाने की आवश्यकता है। किसानों ने सुझाव दिया कि मंडी की जानकारी ऑनलाइन, यूट्यूब प्रसारण व एप के माध्यम से उपलब्ध कराई जाए। साथ ही मंडी परिसर में सीसीटीवी, डिस्प्ले बोर्ड, प्रकाश, पानी व स्वच्छता की बेहतर व्यवस्था हो। बैठक में किसानों, व्यापारियों व जनप्रतिनिधियों ने मिलकर सामूहिक हित में एक पारदर्शी प्रणाली विकसित करने पर जोर दिया।
