मुंबई, दीपिका कक्कड़ आज अपना 40वां जन्मदिन मना रही हैं। एयर होस्टेस से टीवी स्टार बनने तक उनका सफर संघर्षों से भरा रहा। पहली शादी टूटने के बाद उन्होंने शोएब इब्राहिम से निकाह किया।
टेलीविजन एक्ट्रेस दीपिका कक्कड़ आज अपना 40वां जन्मदिन मना रही हैं। उन्होंने अपने अभिनय से लाखों दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई, लेकिन उन्हें सबसे बड़ी पहचान कलर्स टीवी के सुपरहिट शो ‘ससुराल सिमर का’ से मिली। इस सीरियल में निभाया गया ‘सिमर’ का किरदार इतना लोकप्रिय हुआ कि आज भी फैंस उन्हें उनके असली नाम से ज्यादा ‘सिमर’ के नाम से जानते हैं।
बहुत कम लोग जानते हैं कि दीपिका ने अपने करियर की शुरुआत अभिनय से नहीं, बल्कि एयर होस्टेस के रूप में की थी। स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के कारण उन्हें यह नौकरी छोड़नी पड़ी। इसके बाद उन्होंने मुंबई का रुख किया और साल 2010 में टीवी शो ‘नीर भरे तेरे नैना देवी’ से अभिनय की दुनिया में कदम रखा। इसके बाद वह ‘अगले जन्म मोहे बिटिया ही कीजो’ में भी नजर आईं, लेकिन असली सफलता उन्हें ‘ससुराल सिमर का’ से मिली।
पहली शादी नहीं टिक सकी
दीपिका कक्कड़ की निजी जिंदगी भी काफी चर्चा में रही। टीवी इंडस्ट्री में आने से पहले ही उन्होंने पायलट रौनक सैमसन से लव मैरिज की थी। हालांकि, यह रिश्ता ज्यादा समय तक नहीं चल पाया और साल 2015 में दोनों का तलाक हो गया। उस दौरान दीपिका ‘ससुराल सिमर का’ की शूटिंग कर रही थीं।
शोएब इब्राहिम बने हमसफर
इसी शो के दौरान उनकी मुलाकात अभिनेता शोएब इब्राहिम से हुई। शुरुआत में दोनों अच्छे दोस्त बने और धीरे-धीरे यह दोस्ती प्यार में बदल गई। साल 2017 में शोएब ने रियलिटी शो ‘नच बलिए’ में दीपिका को प्रपोज किया। इसके बाद 2018 में दोनों ने मुस्लिम रीति-रिवाज से निकाह किया। शादी के बाद दीपिका ने इस्लाम धर्म अपनाया और उनका नाम फैजा बताया गया, हालांकि सार्वजनिक जीवन में वह आज भी दीपिका कक्कड़ के नाम से ही जानी जाती हैं।
परिवार को दी पहली प्राथमिकता
शादी के बाद दीपिका ने अपने करियर की रफ्तार धीमी कर दी। वह आखिरी बार टीवी शो ‘कहां हम कहां तुम’ में नजर आई थीं। इसके बाद उन्होंने अपने परिवार और निजी जीवन पर ध्यान देना शुरू किया। साल 2023 में दीपिका और शोएब के घर बेटे रूहान का जन्म हुआ। अब वह अक्सर सोशल मीडिया और यूट्यूब के जरिए अपने परिवार से जुड़ी झलकियां साझा करती रहती हैं।
