उज्जैन: पर्यावरण संरक्षण और धार्मिक आस्था का संगम उज्जैन में देखने को मिला, जब चिमनगंज मंडी प्रांगण में आयोजित आओ बनाएँ मिट्टी से श्री गणेश कार्यक्रम में 5000 से अधिक विद्यार्थियों ने एक साथ मिट्टी के गणेश बनाकर नया कीर्तिमान रचा.इस अवसर पर विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा ने बच्चों को बधाई दी और इसे उज्जैन की धरती के लिए ऐतिहासिक बताया.
कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने स्वयं मिट्टी से प्रतिमाएं बनाकर छात्रों को प्रेरित किया और पीओपी, रासायनिक व पकी मिट्टी की मूर्तियों पर सख्त प्रतिबंध लागू करने की घोषणा की. महापौर मुकेश टटवाल ने इसे शहर के लिए गौरवपूर्ण क्षण कहा. नए आदेशों के तहत मूर्तियों में केवल परंपरागत मिट्टी और प्राकृतिक रंगों का उपयोग होगा. नियमों का उल्लंघन करने पर स्थानीय निकाय मूर्तियां जब्त कर ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2000 के अंतर्गत कार्रवाई करेंगे.
