भोपाल: राजधानी में आज सायबर सुरक्षा पर मीडिया कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें सहायक पुलिस महानिरीक्षक सारिका शुक्ला ने प्रतिभागियों को सायबर अपराधों से बचने के उपाय समझाए। उन्होंने कहा कि फिशिंग कॉल, फर्जी लिंक और सोशल मीडिया पर साझा की जाने वाली निजी जानकारी सबसे बड़े खतरे हैं, जिनसे सावधान रहना जरूरी है।
कार्यशाला में सायबर कमांडो अनुज समाधियां ने डिजिटल अरेस्ट जैसे नए तरीकों से हो रही ठगी पर विस्तार से प्रकाश डाला और बताया कि अपराधी किस तरह तकनीक का दुरुपयोग कर आम लोगों को जाल में फंसाते हैं। इस मौके पर पीआईबी भोपाल के अपर महानिदेशक प्रशांत पाठराबे ने स्वागत संबोधन दिया और मीडिया की भूमिका को अहम बताते हुए कहा कि साइबर अपराधों से निपटने के लिए जनजागरूकता बेहद जरूरी है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मीडिया प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
