जबलपुर: सीजीएसटी जबलपुर ने जबलपुर, कटनी एवं छतरपुर में बिना बिल, दस्तावेजों के सुपारी, पान मसाला, अन्य सामान से लदे सात ट्रकों को पकड़ा। बिना समुचित दस्तावेजों व कम मूल्य घोषित कर माल का परिवहन कर रहे थे। जीएसटी की जांच में यह बात सामने आई कि लदे माल का मूल्य परिवहन दस्तावेजों में वास्तविक बाजार मूल्य से काफी कम दर्शाया गया।
जानकारी के मुताबिक विशिष्ट सूचना के आधार पर जीएसटी आयुक्त, जबलपुर लोकेश कुमार लिल्हारे के कुशल मार्गदर्शन में सीजीएसटी अधिकारियों द्वारा गत एक सप्ताह में जबलपुर, कटनी एवं छतरपुर में लगातार प्रभावी अभियान चलाया गया। इस दौरान विभाग द्वारा दिन-रात ऑपरेशन संचालित कर कई वाहनों को रोका गया, जो बिना समुचित दस्तावेजों व कम मूल्य घोषित कर माल का परिवहन कर रहे थे।
जबलपुर में सूखी सुपारी से भरे ट्रक क्रमांक यूपी 65 एमटी 9457, बीआर 04 जीए 2699 एवं यूपी 61 बीटी 8535 को पकड़ा गया। प्रारंभिक जाँच में यह पाया गया कि इन वाहनों में लदे माल का मूल्य परिवहन दस्तावेजों में वास्तविक बाजार मूल्य से काफी कम दर्शाया गया है। इसके अतिरिक्त, टीएमटी बार्स से भरा एक वाहन जबलपुर में, एक वाहन कटनी, एक वाहन छतरपुर में पकड़ा गया।
वहीं, कटनी में पान मसाला एवं तंबाकू से भरा हुआ एक वाहन क्रमांक आरजे आरजे11 जीसी 8408 पकड़ा जो भी बिना समुचित दस्तावेजों के परिवहन करते हुए पकड़ा गया। इन सभी मामलों में माल एवं संबंधित दस्तावेजों को सीजीएसटी अधिनियम, 2017 के प्रावधानों के अंतर्गत सत्यापन के लिए रोका गया है, विस्तृत जाँच जारी है। ये कार्रवाईयाँ विभाग की उस प्रतिबद्धता का हिस्सा हैं जिसके अंतर्गत जीएसटी चोरी के प्रति शून्य सहनशीलता मिशन चलाया जा रहा है। सीजीएसटी, जबलपुर आयुक्तालय पुन: यह स्पष्ट करता है कि कर चोरी को किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा राजस्व की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु ऐसे दिन-रात चलने वाले अभियानों को भविष्य में भी लगातार जारी रखा जाएगा।
