धमाके के साथ उठा आग का गुबार , 4 झुलसे

इंदौर. सुमन नगर जैन मंदिर के पास मंगलवार शाम अवंतिका गैस पाइपलाइन में हुए तेज विस्फोट से इलाके में अफरा तफरी मच गई. हादसे में जानाव्ही झाला, सुभाष ठाकुर और गोपाल मालाकार झुलस गए. समाचार लिखे जाने तक एक अन्य घायल थाने नहीं पहुंचा था . घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है.

हादसे के वक्त स्थानीय पार्षद बालमुकुंद सोनी द्वारा मौके पर बोरिंग कराई जा रही थी. खुदाई के दौरान गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे गैस का रिसाव शुरू हुआ और कुछ ही देर में आग भड़क गई. अचानक हुए धमाके से आसपास के रहवासी घरों से बाहर निकल आए और क्षेत्र में दहशत फैल गई. घटना के दौरान एक युवती बाइक से वहां से गुजर रही थी, जो आग की चपेट में आकर झुलस गई.

परिजनों ने पुलिस को बताया कि आग की लपटें इतनी तेज थीं कि बाइक भी जलकर राख हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि धमाके के बाद कुछ देर तक मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति रही और लोगों ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया.

बोरिंग की अनुमति नहीं ली : इंजीनियर

वहीं अवंतिका गैस कंपनी के इंजीनियर अनुराग शर्मा ने बताया कि घटनास्थल पर बोरिंग का सामान मिला है और इसके लिए कंपनी से कोई अनुमति नहीं ली गई थी. उन्होंने बताया कि क्षेत्र में हर 20 मीटर पर हाई प्रेशर गैस पाइपलाइन के चेतावनी बोर्ड लगे हैं, इसके बावजूद लापरवाही बरती गई. हादसे के कारण शीतल नगर, विजय नगर समेत आसपास के इलाकों के करीब 5 हजार गैस कनेक्शन प्रभावित हुए हैं. गैस लाइन की मरम्मत का काम जारी है और सप्लाई बहाल करने में करीब दो घंटे लग सकते हैं.

कार्रवाई करेंगे : टी आई

मामले में विजय नगर थाना प्रभारी चंद्रकांत पटेल ने बताया कि फिलहाल तीन घायलों के नाम सामने आए हैं, जिनमें जानाव्ही झाला, सुभाष ठाकुर और गोपाल मालाकार है . एक अन्य व्यक्ति के झुलसने की सूचना जरूर मिली है, लेकिन वह न तो थाने पहुंचा है और न ही किसी अस्पताल में भर्ती हुआ है. मामले की जांच की जा रही है और लापरवाही पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.

Next Post

अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष ने किया स्कूल तथा छात्रावासों का निरीक्षण

Tue Jun 23 , 2026
रीवा,  मध्यप्रदेश राज्य अनुसूचित आयोग के अध्यक्ष कैलाश जाटव रीवा जिले के भ्रमण के दौरान स्कूलों तथा छात्रावासों का निरीक्षण किया. अध्यक्ष ने शासकीय पीके सांदीपनि विद्यालय तथा शासकीय एसके हायर सेकण्डरी स्कूल का निरीक्षण करते हुए अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों के लिए दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली. […]

You May Like