पंजाब में कानून-व्यवस्था ध्वस्त, आप सरकार इस्तीफा दे: केवल ढिल्लों


चंडीगढ़, 27 अक्टूबर (वार्ता)
पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर निशाना साधते हुए उसके इस्तीफे की मांग की है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में कानून का राज कमजोर पड़ गया है और लोग भय के माहौल में जी रहे हैं।

श्री ढिल्लों ने दावा किया कि एक ही दिन में राज्य के अलग-अलग हिस्सों में गोलीबारी की पांच घटनाएं हुईं। उनके अनुसार, मोगा में घर के बाहर खड़े युवकों पर गोलीबारी में दो युवकों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। बटाला में शर्मा कार एक्सेसरीज की दुकान पर दिनदहाड़े गोलियां चलाई गईं, जहां दुकानदार को कथित तौर पर फिरौती के लिए धमकाया जा रहा था। अमृतसर जिले के मेहता चौक में एक जिम के बाहर भी गोलीबारी हुई। उन्होंने कहा कि फगवाड़ा में एक प्रॉपर्टी डीलर के घर के बाहर गोलियां चलाने के बाद कथित तौर पर फिरौती मांगी गई। अमृतसर में भी एक आम आदमी पार्टी के सरपंच और उनके बेटे की गोली मारकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया, जब वे गुरुद्वारे में माथा टेकने जा रहे थे।

भाजपा अध्यक्ष ने दावा किया कि अक्टूबर में अब तक 18 हत्याएं हो चुकी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि व्यापारियों को फिरौती के लिए निशाना बनाया जा रहा है, युवाओं की दिनदहाड़े हत्या हो रही है और सत्तारूढ़ दल के निर्वाचित प्रतिनिधि भी सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि छह पुलिसकर्मियों की जान जा चुकी है और पुलिस थानों पर हमले हुए हैं।

श्री ढिल्लों ने सवाल किया कि जब कानून की रक्षा करने वाले पुलिसकर्मी ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिक सुरक्षा के लिए किससे गुहार लगाएं। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की जवाबदेही पर सवाल उठाते हुए श्री केजरीवाल को ‘सुपर मुख्यमंत्री’ बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब से जुड़े फैसले श्री केजरीवाल ले रहे हैं, जबकि वह सार्वजनिक मंचों से दूर हैं।

श्री ढिल्लों ने कहा कि आप सरकार को सत्ता में साढ़े चार साल हो चुके हैं, लेकिन उनके अनुसार वह हर मोर्चे पर विफल रही है। उन्होंने सरकार से आपराधिक घटनाओं की जिम्मेदारी लेने और इस्तीफा देने की मांग की। उन्होंने कहा कि पंजाब को प्रचार के बजाय जवाबदेही की जरूरत है।

Next Post

स्विस पूर्व मॉडल बीट्रिस क्यूल का ट्रंप पर गंभीर आरोप, 1993 में रेप का दावा

Tue Oct 27 , 2026
  स्विट्जरलैंड की पूर्व मिस स्विट्जरलैंड बीट्रिस क्यूल ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर 1993 के दौरान न्यूयॉर्क के प्लाजा होटल में बलात्कार करने का गंभीर आरोप लगाया है। अमेरिकी संसद के डेमोक्रेटिक सदस्यों द्वारा जारी एक नई रिपोर्ट के अनुसार, 1993 में ‘अमेरिकन ड्रीम पेजेंट’ प्रतियोगिता के दौरान ट्रंप […]

You May Like