
इंदौर. शहर के नंदलालपुरा क्षेत्र में बुधवार शाम किन्नर समाज के दो गुटों के बीच लंबे समय से चल रहा विवाद अचानक हिंसक मोड़ पर पहुंच गया. जानकारी के अनुसार, विवाद के बीच एक गुट के करीब 30 किन्नरों ने सामूहिक रूप से जहर पी लिया, जिससे क्षेत्र में अफरातफरी मच गई. कई किन्नरों की हालत गंभीर बताई जा रही है. पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे तथा एम्बुलेंस व पुलिस वाहनों की मदद से सभी को अस्पताल भेजा गया.
दोनों गुटों में पिछले कुछ दिनों से वर्चस्व को लेकर तनाव चल रहा था. इसी विवाद के दौरान कुछ घंटे पहले ही दो मीडियाकर्मियों द्वारा एक किन्नर के साथ कुकर्म के आरोपों को लेकर भी नया बवाल खड़ा हुआ था, जिससे माहौल और गरमा गया. स्थानीय लोगों ने बताया कि किन्नरों के दो समूहों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है. इस प्रकरण में पहले एसआईटी का गठन भी किया था, लेकिन सूत्रों के अनुसार एक वरिष्ठ अधिकारी के तबादले के बाद एसआईटी की जांच ठंडी पड़ गई थी. वर्तमान में पुलिस ने पूरे क्षेत्र को घेर लिया है और हालात पर नजर रखे हुए है. फिलहाल जहर पीने वाले किन्नरों को एमवाय भेज कर बयान लिए जा रहे हैं, वहीं पुलिस दोनों गुटों के नेताओं से पूछताछ कर रही है ताकि इस सामूहिक कदम के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सके. खबर लिखे जाने तक एमवाय पर हंगामा मच रहा है.
