
इटारसी। केसला जनपद पंचायत कार्यालय में समाजवादी जनपरिषद के बैनर तले आदिवासियों ने बारिश में भीगते हुए रैली निकालकर मुख्यमंत्री के नाम सात सूत्रीय मांगों का ज्ञापन तहसीलदार हीरूसिंह धुर्वे को सौंपा। केसला क्षेत्र के एक दर्जन गांवों से आए लगभग सौ महिला-पुरुष हाथों में झंडा-बैनर लेकर नारों के साथ पहुंचे। उनकी प्रमुख मांगों में वनभूमि पर काबिज आदिवासियों और गैर-आदिवासियों को पट्टा देना, वनग्रामों को राजस्व ग्राम बनाना, गलत पट्टों का सुधार, अतिक्रमण के नाम पर हुई खुदाई को समतल करना, झूठे केस खत्म करना और मुआवजे की मांग शामिल थीं। आदिवासियों ने कहा कि सरकार कंपनियों को लाखों हेक्टेयर जमीन दे सकती है, तो गरीबों को उनकी जमीन में मेहनत करने से क्यों रोकती है। ग्राम चांदकिया के 60 किसानों की भूमि अधिग्रहित होने के बावजूद मुआवजा न मिलने से नाराजगी जताई गई। तहसीलदार ने ज्ञापन संबंधितों तक भेजने का आश्वासन दिया।
