
झाबुआ। कलेक्टर नेहा मीना ने ग्राम खेड़ी में पूसा-16 अरहर के खेत में भ्रमण कर कृषक मांगीलाल परमार से भेंट कर चर्चा की। कलेक्टर ने पूसा-16 अरहर के लाभ के संबंध में कृषक से विस्तृत चर्चा की। उनके द्वारा बताया गया कि 9 बीघा जमीन उपलब्ध है जिसमें से कुछ क्षेत्र में पूसा-16 अरहर की खेती पिछले वर्ष की गयी थी, उन्होंने बताया कि उनके खेत में 110-120 दिन के भीतर फसल पक गयी। पूसा-16 अरहर का दाना अन्य अरहर के तुलना में बड़ा है। इस वर्ष भी उन्होंने इन्टरक्रोपिंग के माध्यम से पूसा-16 अरहर एवं मक्का की बोआई की है। इसके अतिरिक्त उनके द्वारा अन्य फसलो जैसे सोयाबीन, चना आदि की कृषि की जाती है। कलेक्टर ने कहा कि आपके पास पर्याप्त जमीन होने के बाद भी परंपरागत कृषि ही ना करे। उसके साथ आमदनी को बढ़ाने के लिए शेडनेट पद्धति से कृषि करें। जिसके माध्यम से सब्जी, शिमला मिर्च, खीरा जैसी फसले ली जा सकती है। कृषक द्वारा रुचि बताये जाने पर कलेक्टर ने सहायक संचालक उद्यानिकी विभाग बीएस चौहान को शेडनेट के तहत प्रकरण बनाये जाने हेतु निर्देशित किया।
