माचना नदी को जलकुंभी से मुक्त करने का महाअभियान: बैतूल में नदी की सफाई के लिए उतरे 25 मछुआरे

बैतूल: मध्यप्रदेश के बैतूल शहर की जीवनरेखा मानी जाने वाली माचना नदी को जलकुंभी से मुक्त कराने के लिए नगर पालिका परिषद ने विशेष सफाई अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत 25 मछुआरों की टीम प्रतिदिन नदी में उतरकर जलकुंभी हटाने का कार्य कर रही है।नगरपालिका अधिकारियों ने बताया कि पिछले कई वर्षों से माचना नदी में जलकुंभी का अत्यधिक विस्तार हो गया था, जिससे नदी का प्राकृतिक बहाव प्रभावित हो रहा था और पानी की गुणवत्ता लगातार खराब होती जा रही थी। जलकुंभी की मोटी परत के कारण जलीय जीवों के सामने संकट की स्थिति उत्पन्न हो रही थी, वहीं नदी किनारे रहने वाले लोगों को दुर्गंध और गंदगी की परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

अधिकारियों के अनुसार प्रारंभ में जलकुंभी हटाने के लिए रासायनिक उपायों पर विचार किया गया था और विशेषज्ञों से सलाह भी ली गई थी, लेकिन पर्यावरण एवं जलीय जीवों पर प्रतिकूल प्रभाव की आशंका के चलते केमिकल आधारित प्रक्रिया को निरस्त कर दिया गया।यह अभियान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल के निर्देश और निगरानी में संचालित किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को सफाई कार्य के दौरान नदी के जैविक संतुलन और जलीय जीवों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं।
मुख्य नगरपालिका अधिकारी नवनीत पांडे के नेतृत्व में चल रहे अभियान में सहायक यंत्री नीरज धुर्वे, उपयंत्री राहुल शर्मा, ग्रीन टाइगर संस्था के तरुण वैद्य तथा नगरपालिका कर्मचारियों की टीम लगातार निगरानी कर रही है। मछुआरों द्वारा प्रतिदिन बड़ी मात्रा में जलकुंभी निकालकर नदी किनारे एकत्र की जा रही है।

नगरपालिका ने भविष्य में नदी को प्रदूषणमुक्त बनाए रखने के लिए सीवरेज परियोजना की रूपरेखा भी तैयार की है। इसके तहत शहर के गंदे नालों का पानी सीधे नदी में जाने से रोका जाएगा। अधिकारियों का मानना है कि परियोजना पूरी होने के बाद माचना नदी को लंबे समय तक स्वच्छ और सुरक्षित बनाए रखने में सहायता मिलेगी।

Next Post

शहर के कचौरा बाजार में अज्ञात व्यक्ति की मौत, पुलिस शिनाख्त में जुटी

Fri May 29 , 2026
दमोह:सिटी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत शुक्रवार दोपहर कचौरा बाजार में एक अज्ञात व्यक्ति की अज्ञात कारणों से मौत हो गई. सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली से सब इंस्पेक्टर नीतेश जैन, प्रआ शुभ नारायण यादव, आरक्षक मनीष सहित पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे.पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अज्ञात […]

You May Like

Play sound