
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के विधायक रामेश्वर शर्मा ने एक मौलाना द्वारा सपा नेता डिंपल यादव पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि किसी भी मौलाना को भारत की बेटी के लिए अभद्र भाषा का प्रयोग करने का न अधिकार पहले था, न अब है और न भविष्य में होगा। डिंपल यादव किसी दल की नेता भले ही हों, लेकिन वह भारत की बेटी और हम सबकी बहन हैं।
रामेश्वर शर्मा ने कहा, यदि मौलाना ने यह सोचकर अपशब्द कहे हैं कि डिंपल समाजवादी पार्टी की नेता हैं, और सपा में मुसलमान कुछ भी बोल सकते हैं, तो यह गलतफहमी दूर कर लें। यह सपा की नहीं, भारत की बेटी का मामला है। मौलाना को तत्काल माफी मांगनी चाहिए, अन्यथा परिणाम गंभीर होंगे और जूते से स्वागत किया जाएगा।
विधायक ने कांग्रेस के प्रदर्शन पर भी कटाक्ष किया और कहा, भगवान ने इंसान बनाया है, गिरगिट नहीं। लोकतंत्र के मंदिर में आकर इंसानों की तरह व्यवहार करें, संविधान के अनुरूप आचरण करें। कुछ लोग गिरगिट की तरह रंग बदलने में माहिर हैं, लेकिन यहां इंसान की तरह पेश आना चाहिए।
