पिपरिया। पिपरिया स्थित माहेश्वरी भवन नर्मदा कॉलोनी में आयोजित कार्यक्रम में अखिल भारतीय माहेश्वरी महिला संगठन की राष्ट्रीय अध्यक्ष मंजू बांगड़ ने समाज बंधुओं से आह्वान किया कि समाज हित में अहंकार छोड़कर सबको साथ लेकर कार्य करें। उन्होंने कहा कि मधुरता और विनम्रता संगठन की पहचान है, और काम ऐसा करें कि पहचान बने तथा समाज में सकारात्मक संदेश जाए। उन्होंने बच्चियों के लिए सेल्फ डिफेंस कार्यशालाएं और किशोरी संस्कार शिविर आयोजित करने की आवश्यकता बताई। कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष रंजना बाहेती, संयुक्त मंत्री अनिता जांवधिया, सचिव राजश्री राठी ने संगठन की गतिविधियों की जानकारी दी। पिपरिया इकाई समेत कई पदाधिकारियों ने कार्यों की सराहना की। मंच संचालन डॉ. प्रीति भूतड़ा ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान महेश की पूजा और महेश वंदना से हुई। शोभापुर महिला परिषद की पदाधिकारियों ने भी राष्ट्रीय अध्यक्ष से मुलाकात कर अपने कार्यों की जानकारी साझा की।
मधुरता, विनम्रता हमारे संगठन की मूल भावना
